PM Modi Raipur Visit: PM मोदी ने नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन का किया उद्घाटन

PM Modi Raipur Visit

PM Modi Raipur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नवा रायपुर के सेक्टर-19 में बने छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें नमन किया।

273.11 करोड़ की लागत से तैयार यह इको-फ्रेंडली भवन अब पूरी तरह से तैयार है। उद्घाटन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

नया विधानसभा भवन लगभग 20.78 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है। इसकी वास्तुकला में पारंपरिक महलों की झलक के साथ-साथ राष्ट्रपति भवन जैसी भव्यता दिखाई देती है। भवन के सामने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा परिसर को विशेष गरिमा प्रदान करती है।

इस भवन की नींव 28 अगस्त 2020 को कांग्रेस सरकार के दौरान रखी गई थी, और अब पांच साल बाद यह राज्य की नई पहचान बनकर तैयार हुआ है।

भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार

वर्तमान में छत्तीसगढ़ विधानसभा में 90 विधायक हैं, लेकिन नए भवन में 120 विधायकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यह निर्णय भविष्य में विधानसभा सीटों के संभावित विस्तार को ध्यान में रखकर लिया गया है।

तीन ब्लॉकों में विभाजित भवन

भवन को तीन मुख्य ब्लॉकों में विभाजित किया गया है-

1. ब्लॉक A: विधानसभा सचिवालय के रूप में कार्य करेगा, जहां सभी प्रशासनिक शाखाएं और अधिकारियों के कार्यालय होंगे।

2. ब्लॉक B: भवन का मुख्य हिस्सा है, जहां सदन की कार्यवाही चलेगी। इसमें मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष के कक्ष, सेंट्रल हॉल, मीटिंग हॉल और मीडिया लाउंज जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं।

3. ब्लॉक C: इसमें विधायकों और मंत्रियों के चेंबर, अस्पताल, बैंक, पोस्ट ऑफिस और रेलवे आरक्षण केंद्र जैसी सार्वजनिक सुविधाएं होंगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस परिसर

भवन को पूर्ण रूप से इको-फ्रेंडली और समावेशी दृष्टिकोण से डिजाइन किया गया है। यहां महिला, पुरुष, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर के लिए अलग-अलग टॉयलेट की व्यवस्था की गई है।

परिसर में एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेदिक अस्पताल की सेवाएं भी उपलब्ध हैं। संसद की तर्ज पर यहां 200 लोगों की क्षमता वाला सेंट्रल हॉल और 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम भी बनाया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *