Mahasamund Murder: चोरी के शक में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, मुक्तिधाम के पास मिली लाश; 4 आरोपी गिरफ्तार

Mahasamund Murder:

Mahasamund Murder: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में चोरी के शक में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना ग्राम पतेरापाली की है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक को केबल चोरी के शक में पकड़कर तीन घंटे तक बांधकर रखा और उसके परिवार से 25 हजार रुपए की मांग की थी। जब परिजन रकम नहीं दे सके, तो आरोपियों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की।

जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पतेरापाली के मुक्तिधाम में एक व्यक्ति की लाश पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान कौशल सहिस (निवासी मोहबा बागबाहरा) के रूप में हुई।

परिजनों के बयान में सामने आया सच

मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने कौशल सहिस को चोरी के शक में पकड़ लिया था। उन्होंने उसके दोनों हाथ बांधकर करीब तीन घंटे तक बिठाया रखा और छोड़ने के एवज में परिवार से 25 हजार रुपए की मांग की। जब परिजन पैसा नहीं दे पाए, तो आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई की और बाद में छोड़ दिया। अगले दिन कौशल की लाश मुक्तिधाम के पास पाई गई।

4 आरोपी गिरफ्तार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि जांच के बाद पुलिस ने इस पूरे मामले में हेमंत चन्द्राकर, मनीष चन्द्राकर, अंकित चन्द्राकर और लोकेश चन्द्राकर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 127(7), 308(2), 115(2), 105, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *