रायपुर। राजधानी रायपुर के महाराजबंध तालाब के पास प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोगों ने एक सड़ी-गली लाश देखी। यह घटना रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह लाश करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। मृतक की पहचान और उम्र अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि यह हत्या का मामला हो सकता है।
फोरेंसिक टीम ने मृतक के शरीर पर 6 से 7 चाकू के निशान पाए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि लगभग तय मानी जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
इसी बीच, क्षेत्र के लोगों ने बताया कि महाराजबंध तालाब के आसपास अक्सर संदिग्ध गतिविधियाँ देखी जाती थीं। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी पुराने विवाद या रंजिश का मामला तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की पहचान और हत्या की वजह साफ हो पाएगी।
