Bilaspur News: बिलासपुर में हेड कांस्टेबल रिश्वत लेते Video वायरल, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर लिए 1 लाख रुपए

Bilaspur News

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक पुलिसकर्मी का रिश्वत लेते वीडियो वायरल हुआ है। आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने पीड़ित को आबकारी एक्ट के फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी और 2 लाख रुपए की डिमांड की थी। डर से सहमे पीड़ित जोगी नायक ने अपनी जमीन गिरवी रखकर 1 लाख 5 हजार रुपए कांस्टेबल को दिए।

यह मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में पीड़ित की पत्नी हेड कांस्टेबल हरवेंद्र खूटे के सामने पैसे का बंडल रखती दिख रही है, जिसे कांस्टेबल खुद गिनते हुए नजर आ रहा है।

चार पुलिसकर्मियों पर धमकाने का आरोप

पीड़ित जोगी नायक ने बताया कि वह एक आम नागरिक है। 6 अक्टूबर की शाम उसे पचपेड़ी थाने के सरकारी क्वार्टर में बुलाया गया, जहां हेड कांस्टेबल हरवेंद्र खूटे, आरक्षक गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर और मुरीत बघेल मौजूद थे।

चारों ने मिलकर उसे धमकाया कि उसके खिलाफ गुंडा-बदमाश का केस दर्ज किया जाएगा और 50 लीटर शराब की जब्ती बनाकर जेल भेज दिया जाएगा। पीड़ित ने थाने के टीआई पर भी वसूली में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।

2 लाख की मांग, 1 लाख 5 हजार में हुआ सौदा

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जोगी नायक से छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए मांगे। 1 लाख 5 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। पैसे न होने पर पीड़ित ने अपनी जमीन गिरवी रखी और फिर आरक्षक को घर बुलाकर पैसे दिए।

पत्नी के सामने पैसे गिनता कांस्टेबल

वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि जोगी नायक की पत्नी पुलिसकर्मी के सामने नकदी रखती है, और कांस्टेबल हरवेंद्र खूटे खुद पैसे गिनते हुए दिखाई देता है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत करते हुए गृहमंत्री को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *