CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पति-पत्नी की दो दिन के अंतराल में मौत हो गई। शराब पीने की आदत को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी ने कीटनाशक पी लिया। उसकी हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। पत्नी की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने पर पति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दो दिन बाद इलाज के दौरान पत्नी की भी मौत हो गई। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र के लिचिरमा गांव का है।
शराब पीने को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को सुखमनी (43) और उसके पति सखीराम (45) के बीच शराब पीने की बात को लेकर विवाद हुआ था। सुखमनी का आरोप था कि उसका पति शराब पीकर गांव में घूमता रहता है और कोई काम नहीं करता। इसी बात से परेशान होकर उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया।
परिजन उसे तत्काल सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर के अस्पताल भेज दिया गया।
पत्नी ने खाया जहर, तो पति ने दी जान
सुखमनी का इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। 19 नवंबर को उसकी हालत अधिक गंभीर होने की जानकारी मिलने पर सखीराम ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
उधर, पति की मौत के बाद इलाजरत सुखमनी की हालत भी लगातार बिगड़ती गई और दो दिन बाद अस्पताल में उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
3 बच्चे हुए अनाथ
पति-पत्नी की दो दिनों के भीतर हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। दंपती के तीन बच्चे हैं, जो अब माता-पिता दोनों को खो चुके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


