CG Breaking: ‘सिंहदेव को एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बना देंगे’ – अजय चंद्राकर के बयान पर भड़के बघेल-सिंहदेव, कहा- संविधान का अपमान

CG Breaking

CG Breaking: छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता TS सिंहदेव पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि अगर सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनने की इतनी हसरत है, तो उन्हें एक दिन के लिए ही सही, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित कर देंगे।

अजय चंद्राकर के इस बयान ने पूरे प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी। उनका यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में आग की तरह फैल गया। इस पर कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अजय चंद्राकर के बयान को अलोकतांत्रिक करार दिया। उन्होंने कहा, “अजय चंद्राकर ने जो बात कही है वह अलोकतांत्रिक है। जाते-जाते एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बना देने का मतलब क्या है? क्या विष्णुदेव साय को जब चाहे उठा सकते हैं और बिठा सकते हैं? इसका मतलब यह है कि भाजपा संविधान की मर्यादा को नहीं मानती।”

वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी अजय चंद्राकर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, अजय चंद्राकर हल्केपन और हंसी-ठिठोली में बात कह रहे हैं। मैं कभी एक दिन का मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहूंगा। अगर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस्तीफा दे देते हैं और अजय चंद्राकर कहें तो उनके लिए मुख्यमंत्री बन सकता हूं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *