Raipur News: राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सुंदर नगर स्थित कृष्णा किड्स एकेडमी में पढ़ने वाली 6 साल की बच्ची को अगरबत्ती से जलाने का आरोप स्कूल की एक महिला टीचर पर लगा है। परिजनों की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने आरोपी टीचर को नौकरी से निकाल दिया है। हालांकि, बच्ची के माता-पिता आरोपी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

टीचर ने बच्ची को अगरबत्ती से जलाया (Raipur teacher burns child Agarbatti)
बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी बेटी कृष्णा किड्स एकेडमी में (Krishna Kids Academy Raipur) KG कक्षा में पढ़ाई करती है। 17-18 सितंबर को स्कूल की टीचर दीपा ने बच्ची को अगरबत्ती से जलाया। इस घटना के बाद बच्ची काफी डरी-सहमी है और स्कूल जाने से घबरा रही है।
पेरेंट्स ने की शिकायत
वहीं, एक अन्य पेरेंट्स ने भी बताया कि उनकी बच्ची को भी उसी टीचर ने थप्पड़ मारा था, जिसके बाद बच्ची कई दिनों तक दांत दर्द से परेशान थी।

पेरेंट्स का कहना है कि बच्चों से गलती होने पर डांटना ठीक है, लेकिन मारपीट या जलाने जैसी हरकतें बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती हैं। उन्होंने आरोपी टीचर पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्कूल प्रबंधन का बयान
इस मामले में स्कूल प्रबंधन ने कहा कि मारपीट जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है। स्कूल में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने फुटेज भी चेक किया है। फिलहाल यह जांच का विषय है। प्रबंधन का कहना है कि परिजनों के दबाव के चलते टीचर दीपा (teacher Dipa Suspend) को नौकरी से हटाया गया है।

जांच में जुटे अधिकारी
बच्ची के परिजनों की शिकायत पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी स्कूल पहुंचे थे। अधिकारियों ने कहा कि बच्ची की उम्र कम होने की वजह से वह घटना को विस्तार से नहीं बता पा रही है।
फिलहाल, स्कूल प्रबंधन को घटना के दिन की सीसीटीवी फुटेज सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बच्ची और उसके परिजनों का बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष बयान दर्ज कराया जाएगा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
