CG Fraud Case: सोशल मीडिया पर लड़की के नाम से ID बनाकर युवक से 25 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

CG Fraud Case: Jangir Champa: जांजगीर-चांपा के अकलतरा में सोशल मीडिया के जरिये युवक को फंसाकर 25 लाख रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने फेसबुक पर लड़की के नाम से फेक आईडी बनाकर युवक से दोस्ती की और उसे मीठी-मीठी बातों में उलझाकर लाखों रुपए ऐंठ लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

कैसे की गई ठगी?

 

प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फेसबुक पर एक लड़की से उसकी पहचान हुई थी। चैटिंग और बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को लड़की बताकर विश्वास जमाया। इसके बाद आरोपी ने मां-बाप की बीमारी, बहन का मुंबई कॉलेज में एडमिशन और खुद का MBBS में प्रवेश कराने का बहाना बनाकर युवक से बार-बार पैसे मांगे।

 

लगातार दबाव डालते हुए आरोपी ने युवक से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और फोन-पे के जरिए करीब 25 लाख रुपए ले लिए। जब युवक के पास पैसे खत्म हो गए और शक हुआ तो उसने जांच की, तब पता चला कि “लड़की” दरअसल एक लड़का था।

 

पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक की पहचान करन साहू उर्फ पूजा साहू पिता जनकराम साहू (29 वर्ष), निवासी भाठापारा, जिला बलौदा बाजार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जुआ खेलने का आदी है और इसी वजह से घर से निकाला गया था।

 

आरोपी ने बताया कि उसने फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ देखकर ठगी का आइडिया अपनाया और कई लोगों को फंसाने की कोशिश की। हालांकि, सफलता सिर्फ प्रार्थी दीपक को फंसाने में मिली, जिससे उसने करीब 25 लाख रुपए ठग लिए।

 

ठगी के पैसों से खरीदी बाइक

 

आरोपी ने कबूल किया कि उसने ठगे हुए पैसों को जुए में उड़ाया, शराब और मौज-मस्ती में खर्च किया। इसके अलावा उसी रकम से उसने एक पल्सर मोटरसाइकिल खरीदी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी के मोबाइल और सिम भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।

 

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी की टीम ने आरोपी को पकड़ा। सबूत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *