CG Kabaddi Match Accident: Kondagaon: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में कबड्डी मैच के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बड़ेराजपुर ब्लॉक के ग्राम रावसवाही में आयोजित मैच के दौरान तेज आंधी-तूफान आने से मैदान में लगा टेंट उखड़कर 11 केवी बिजली की तार से टकरा गया। इससे करंट फैल गया और हादसे में 3 खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। विश्रामपुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
कोंडागांव करंट से कबड्डी 3 खिलाड़ियों की मौत
शुक्रवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच ग्राम रावसवाही में कबड्डी मैच खेला जा रहा था। अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान मैदान का टेंट उड़कर पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। देखते ही देखते करंट मैदान में फैल गया और वहां मौजूद खिलाड़ी व लोग इसकी चपेट में आ गए।

अस्पताल ले जाते समय 3 की मौत
ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारती ने बताया कि कुल 6 लोग अस्पताल लाए गए थे। इनमें से 3 खिलाड़ियों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी, जबकि 3 घायलों का इलाज जारी है। घायलों में बांसकोट निवासी शिवम दास (16 वर्ष), रावसवाही निवासी सुविलाल मरकाम (25 वर्ष) और एक अन्य घायल शामिल है। इनमें से 2 को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान
- सतीश कुमार (24 वर्ष) – निवासी गरांजीडीही
- श्याम नेताम (25 वर्ष) – निवासी पांडे पारा
- सुनील शोरी (25 वर्ष) – निवासी बांसकोट
मृतकों में कबड्डी लीडर भी शामिल
एक कबड्डी लीडर भी शामिल था। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में मातम पसर गया। जिला भाजपा अध्यक्ष सेवक राम नेताम और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। वहीं जिला पंचायत सदस्य रामचरण शोरी ने सरकार से मृतकों व घायलों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।
