कोरबा/कटघोरा : छत्तीसगढ़ में सरकारी शराब दुकानों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कटघोरा के मुख्य मार्ग पर स्थित सरकारी देशी शराब दुकान में उस वक्त हंगामा मच गया जब एक ग्राहक की खरीदी गई शराब की बोतल में काले रंग का कीड़ा पाया गया। घटना के बाद उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।

दरअसल, रविवार रात एक व्यक्ति शराब की बोतल खरीदने दुकान पहुंचा। बोतल को खोलने से पहले ही उसकी नजर अंदर मौजूद कीड़े पर पड़ी। उसने जब यह बात आस-पास खड़े अन्य लोगों को बताई तो मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। नाराज ग्राहक ने जब बोतल को वापस करना चाहा तो दुकान के सेल्समैन ने उसे लौटाने से मना कर दिया, जिससे गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की।
आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और संबंधित विभाग को पत्र लिखकर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पहले भी आ चुकी हैं शिकायतें
यह पहली बार नहीं है जब कोरबा जिले की शराब दुकानों को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। पूर्व में भी मिलावटी और घटिया शराब को लेकर कई शिकायत आ चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। अब देखना होगा कि इस बार विभाग दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।
