CG Accident: ट्रैक्टर और बाइक में जबरदस्त टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत

बलौदाबाजार : जिले के भाठागांव (सलौनी) में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव और अस्पताल में आक्रोश का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन युवक बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की हेडलाइट बंद थी, जिससे अंधेरे में बाइक सवार ट्रैक्टर को देख नहीं सके और टक्कर हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में उमाशंकर ध्रुव (27 वर्ष) और दीपेंद्र ध्रुव (14 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यशवंत ध्रुव (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर देर रात तक अस्पताल परिसर में ही डटे रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर मालिक और प्रशासन की लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *