Raipur: छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी पर सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के लगभग सभी संभागों में बीते 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बस्तर संभाग में अच्छी बारिश की संभावना जताई है, वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
बस्तर में हो सकती है तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर संभाग के कई इलाकों में आगामी पांच दिन झमाझम बारिश हो सकती है। विशेषकर एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। बारिश का यह सिलसिला खेती-किसानी के लिए लाभदायक साबित हो सकता है, लेकिन वज्रपात की चेतावनी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
प्रदेश में तापमान का हाल
राजनांदगांव में दर्ज हुआ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान – 34°C
दुर्ग में रहा सबसे कम न्यूनतम तापमान – 20.8°C
रायपुर में तापमान 25°C से 34°C के बीच रहने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक अवदाब स्थित है. इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. वहीं मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, सीकर, उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश, सीधी, डाल्टनगंज, पुरुलिया, कोंटई और उसके बाद पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।
इन मौसम प्रणालियों के चलते प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. वहीं कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना है.
राजधानी में आज का मौसम
रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान तापमान 25 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है.
