CG News: पत्नी के चेहरे को गर्म पानी में डुबोया पति, एक हफ्ते तक बंधक बनाकर किया अत्याचार, सास-ससुर भी शामिल

बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र से क्रूरता की हदें पार करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी पत्नी को गर्म पानी में चेहरा डुबोकर मारने की कोशिश, गर्म चिमटे से जलाना, और एक सप्ताह तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया। पीड़िता किसी तरह जान बचाकर थाने पहुंची और अब आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी पति चलाता है चाणक्य एकेडमी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आकाश तिवारी बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में चाणक्य एकेडमी का संचालक है। पीड़िता उसकी पत्नी है, जिसने आरोप लगाया कि आकाश पहले भी कई बार उस पर हमला कर चुका है और उसका किसी अन्य महिला से अवैध संबंध है।

मुंह में कपड़ा ठूंसकर गर्म पानी में चेहरा डुबोया

पीड़िता ने बताया कि पति ने इस बार मुंह में कपड़ा ठूंसकर गर्म पानी में चेहरा डुबोने की कोशिश की, जिससे उसकी सांस रुक गई और जान पर बन आई। साथ ही गर्म चिमटे से शरीर जलाया गया। उसे खाने नहीं दिया गया और एक सप्ताह तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़िता किसी तरह मौके से भागकर त्रिकुंडा थाने पहुंची और पूरा मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी आकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले में सास-ससुर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। महिला फिलहाल सुरक्षित है और उसका उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *