Durg Murder: दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान योगेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी तीन युवक रात में उसके घर के बाहर पहुंचे और पत्नी पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद करने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने योगेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल योगेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से रंजिश थी। इसी रंजिश और पत्नी पर टिप्पणी को लेकर यह वारदात हुई।
मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ नामजद अपराध दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
