Khairagarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अमलीपारा क्षेत्र में कक्षा 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना मंगलवार शाम की है, जब छात्रा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। घर में उस वक्त केवल बुजुर्ग दादा-दादी मौजूद थे।
किताब लेने के बहाने निकली थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, छात्रा शाम करीब 7 बजे किताब लेने के बहाने बाहर निकली और लौटकर कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद जब दादा ने आवाज लगाई, तो कोई उत्तर नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा, तो छात्रा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।
परिजनों में पसरा मातम, पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतार कर पंचनामा किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों का कहना है कि छात्रा पढ़ाई में होनहार और शांत स्वभाव की थी। वह दो भाइयों की इकलौती बहन थी।
कई पहलुओं पर जांच
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है—जिसमें मानसिक तनाव, व्यक्तिगत कारण और किसी भी तरह की दबाव की स्थिति की जांच शामिल है। पुलिस द्वारा मोबाइल व सोशल मीडिया रिकॉर्ड्स भी खंगाले जा रहे हैं।
