Raipur News: छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए रायपुर में आयोजित किसान, जवान और संविधान सभा को “ढोंग” करार दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर भाजपा द्वारा एक व्यंग्यात्मक पोस्टर जारी किया गया, जिसमें कांग्रेस को “आईना देखने” की नसीहत दी गई है।
पोस्टर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को तख्तियां पकड़े हुए दिखाया गया है। एक तख्ती पर “किसान, जवान, संविधान” लिखा है जबकि दूसरी पर “संविधान बचाओ” का संदेश है।
पोस्टर में दो आम नागरिकों के बीच संवाद भी दिखाया गया है। एक व्यक्ति कहता है—“देखो, कांग्रेसी फिर ढोंग करने निकले हैं”, जबकि दूसरा व्यक्ति टिप्पणी करता है—“ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं।” इसके साथ भाजपा ने कटाक्ष करते हुए लिखा है कि “कांग्रेस कभी किसी की हितैषी नहीं रही है। अब फिर किसान-जवान-संविधान के नाम पर जनता को बरगलाने की कोशिश कर रही है।”
भाजपा का यह हमला कांग्रेस की उस रणनीति के जवाब में माना जा रहा है, जिसमें वह संवैधानिक मूल्यों और किसानों तथा जवानों के मुद्दे को लेकर जनसमर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।
