Film City in Nava Raipur: नवा रायपुर में बनेगी हाईटेक ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

Film City in Nava Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में राज्य सरकार अब फिल्म सिटी के सपने को हकीकत में बदलने जा रही है। माना-तूता क्षेत्र में राज्योत्सव मैदान के सामने लगभग 70 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। इस परियोजना को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर तैयार किया जाएगा, जिसे लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति ने मंजूरी दे दी है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने फिल्म सिटी के लिए सारी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जल्द ही निर्माण एजेंसी चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। पूरी फिल्म सिटी पर करीब 95 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जबकि निजी निवेशकों से 400 करोड़ रुपये तक के निवेश की उम्मीद है।

केंद्र सरकार से भी मिल चुकी है मंजूरी

स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट 2024-25 के तहत केंद्र सरकार ने फिल्म सिटी निर्माण के लिए 147 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। इसमें से 95.79 करोड़ फिल्म सिटी के लिए और 51.87 करोड़ रुपए जनजातीय एवं सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए स्वीकृत किए गए हैं।

मुंबई के बड़े फिल्मकारों ने दिखाई रुचि

पर्यटन मंडल के अधिकारियों और फिल्म इंडस्ट्री के निवेशकों के बीच कई दौर की चर्चा हो चुकी है। मुंबई के बड़े निर्माता-निर्देशक नवा रायपुर के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी कर चुके हैं। लोकेशन का प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली और शूटिंग फ्रेंडली वातावरण ने फिल्मकारों को काफी आकर्षित किया है। कई फिल्मों की शूटिंग पहले भी इस इलाके में हो चुकी है।

फिल्म सिटी में मिलेंगी शूटिंग के लिए सभी सुविधाएं

‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ में फिल्म निर्माताओं को प्रशिक्षण, शूटिंग, प्री-प्रोडक्शन और पोस्ट-प्रोडक्शन की एक ही जगह सुविधाएं मिलेंगी। यहां होंगे:

  • स्थायी और अस्थायी सेट्स – गांव, शहर, स्कूल, अस्पताल, जेल, बाजार, फूड कोर्ट
  • प्राकृतिक लोकेशन – तालाब, नदी, उद्यान, पर्वत
  • सर्वसुविधायुक्त स्टूडियो, एडिटिंग रूम और साउंड रिकॉर्डिंग यूनिट
  • कलाकारों व क्रू के ठहरने के लिए उच्च स्तरीय आवास
  • पर्यावरण के अनुकूल ई-बस सेवा

 

पर्यटन और व्यवसाय को मिलेगा बढ़ावा

पर्यटन विभाग के स्वामित्व वाली भूमि पर फिल्म सिटी के निर्माण से न सिर्फ छत्तीसगढ़ की संस्कृति और सिनेमा को नया मंच मिलेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में बसाहट, रोजगार, व्यवसायिक गतिविधियों और पर्यटन को भी व्यापक लाभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *