राजधानी में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक चल रही है, वही इस बैठक में कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के सामने जमकर बवाल कटा। सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत को आड़े हाथो कहा कि “नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत मुख्यमंत्री पर सीधे हमले से क्यों बचते हैं? महंत कभी खुलकर सरकार के खिलाफ क्यों नहीं बोलते हैं? चरणदास महंत नेता प्रतिपक्ष हैं, सरकार के खिलाफ उन्हें मुखर होना चाहिए।”

इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में कांग्रेस की लचर व्यवस्था की ओर इंगित करते हुए कहा कि हमारे यहां कोई भी नेता कुछ भी बयान देता है। किसी के खिलाफ कोई भी टिप्पणी करता है, उस कोई कार्रवाई नहीं होती है। राजनांदगांव में एक नेता ने मेरे खिलाफ बयान दिया उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पार्टी में अनुशासन का होना बहुत जरूरी है। हम सभी को एकजुट होकर सरकार के खिलाफ लड़ना होगा। सीएम को टार्गेट करना होगा तभी हम जनता से सीधे जुड़ पाएंगे। अपनी बातों के जनता तक ले जाने के लिए साथ खड़ा होना चाहिए।

बता दें कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट सोमवार दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। दो दिनो तक पायलट मैराथन बैठकें ले रहें है। इस बैठक में पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए हैं। सबसे पहले पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक हुई। इसमें पार्टी के विधायक, पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और संगठन विभागों के प्रमुख शामिल हुए। इसी बैठक में पार्टी के बड़े नेताओं ने जमकर हंगामा किया और एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं।

