Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक ने मां की कुल्हाड़ी से गला और चेहरे पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के नवागांव धौंराडांड की है, जहां खून से सनी सड़क और मृतका का शव देख गांव दहल उठा।

रथ उत्सव के दौरान की थी छेड़छाड़
दरअसल मृतका रेखा राउत (47) की बेटी की शादी कुरूशलेंगा (तमनार) गांव में हुई है। करीब 20 दिन पहले वह अपने पति के साथ रथ उत्सव में शामिल होने मायके आई थी। उसी दौरान गांव के युवक लुकेश्वर यादव (21) ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। जब यह बात मां को पता चली तो उसने आरोपी को कड़ी फटकार लगाई और उसके परिवार से शिकायत की थी। इसके बाद दोनों परिवारों में सुलह हो गई थी, और लुकेश्वर के पिता ने माफी भी मांगी थी।

पुलिस के मुताबिक, लुकेश्वर उस फटकार से अपमानित और नाराज़ था। शुक्रवार शाम को जब रेखा राउत उपरपारा से घर लौट रही थीं, तभी उसने रास्ते में रोककर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गले और चेहरे पर गंभीर वार से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। खून से सनी लाश और सड़क पर बिखरा लहू देख लोगों में सनसनी फैल गई।
हत्या के बाद आरोपी फरार, दो दिन बाद गिरफ्तारी
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन लैलूंगा थाना पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। रविवार देर शाम आरोपी लुकेश्वर यादव को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। सोमवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
