Raipur Smart City : स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत रायपुर शहर के सौंदर्यीकरण के लिए किए गए करोड़ों के खर्च की पोल खुलने लगी है। चौबे कॉलोनी स्थित गीता नगर के पास करबला तालाब का सौंदर्यीकरण एक बुरी मिसाल बन गया है। यहां बना पाथवे धंस चुका है और तालाब की बाउंड्रीवाल भी टूटकर गिरने लगी है।

बिना कॉलम-बीम की दीवार (Karbala Boundary Wall Damage)
जानकारी के अनुसार, रायपुर नगर निगम और स्मार्ट सिटी (Raipur Smart City) मिशन के तहत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से करबला तालाब का सौंदर्यीकरण 4-5 साल पहले किया गया था। इसमें तालाब का गहरीकरण, बीच में टापू, चारों ओर पेवर ब्लॉक और बाउंड्रीवाल निर्माण शामिल था। लेकिन बाउंड्रीवाल में कॉलम और बीम जैसी मूलभूत इंजीनियरिंग तकनीकों का उपयोग नहीं किया गया, जिसकी वजह से दीवार अब तालाब में धंसक रही है।

स्थानीय विधायक ने किया था निरीक्षण, फिर से 2 करोड़ होंगे खर्च
हाल ही में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने अधिकारियों के साथ तालाब का निरीक्षण किया था। उन्होंने तालाब को अतिक्रमण मुक्त करने और दोबारा सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। निगम अब करबला तालाब (Karbala Talab Raipur) के लिए लगभग 2 करोड़ रुपए का नया बजट निर्धारित कर रहा है। विधायक मूणत ने विशेष तौर पर पाथवे और बाउंड्रीवाल की मजबूती और मजबूत बेस तैयार करने पर ज़ोर दिया है, जिससे भविष्य में यह धंसें नहीं।
