Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ओरमा गांव में एक युवक ने भगवान शिव की मूर्ति को खंडित कर तालाब में फेंक दिया। युवक शादी नहीं होने से मानसिक रूप से परेशान था और इसी गुस्से में उसने यह आपत्तिजनक कदम उठाया। घटना से गांव में आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

टूटी मूर्ति देख ग्रामीण हुए आक्रोशित
बता दें, घटना बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम ओरमा की है, जहां तालाब किनारे स्थापित शिवलिंग और नंदी की मूर्ति की रोज़ पूजा होती है। सुबह 5 बजे जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मूर्तियों को तोड़कर तालाब में फेंका गया है। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण नेमलाल साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने IPC की धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया और मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल व थाना पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुट गई।

आरोपी ने कबूला जुर्म, शराब के नशे में तोड़ी मूर्ति
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी नरेन्द्र निषाद उर्फ लल्लू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह राज मिस्त्री का काम करता है और 23 जुलाई की रात शराब पीकर घर लौटा था। नशे की हालत में वह अपनी और बहन की शादी नहीं होने से परेशान था और इसका दोष भगवान को मानते हुए शिवलिंग को खंडित कर तालाब में फेंक दिया।
