सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। हजारों लीटर डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद लोगों की संवेदनहीनता सामने आई है, जहां मदद करने के बजाय ग्रामीण डीजल तेल की लूट में जुट गए।

तेल लूटने उमड़ी भीड़
बता दें, हादसे के बाद टैंकर से डीजल बहकर सड़क पर फैल गया। मौके पर मौजूद लोग प्लास्टिक की बाल्टी, ड्रम, बोतल जैसी चीजें लेकर तेल भरने में जुट गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने मोबाइल से इसका वीडियो भी बनाया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गनीमत यह रही कि टैंकर में आग नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार टैंकर में लोड हजारों लीटर डीजल के बहने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग लगने की आशंका को देखते हुए भीड़ को तितर-बितर कर सुरक्षित दूरी बनाने के निर्देश दिए। हालांकि तब तक कई लोग डीजल भरकर वहां से रवाना हो चुके थे।
