CG Crop Damage: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चक्रवात अर्नब के प्रभाव से प्रदेश के कई क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लिया है। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रभावित किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करे।
मुख्यमंत्री साय ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया जाए। सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को RBC 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मापदंडों के अनुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
सर्वे और राहत वितरण में देरी नहीं करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फसल क्षति के सर्वे से लेकर सहायता राशि के वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को तेजी से कार्रवाई करनी होगी।

