CG News: मरवाही वनमंडल के गौरेला वन परिक्षेत्र में बीट गार्ड के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति वनकर्मी के साथ मारपीट करते और उसकी वर्दी फाड़ते हुए दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, अंधियारखोर बीट के बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे को दर्री निवासी रुद्र माझी ने क्षेत्र में पेड़ कटाई की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद बीट गार्ड मौके पर जांच करने पहुंचे।
जांच में सामने आया कि जिस जमीन पर पेड़ काटे जाने की शिकायत की गई थी, वह राजस्व विभाग की भूमि है। इसके बाद बीट गार्ड ने शिकायतकर्ता को मामले की शिकायत एसडीएम से करने की सलाह दी।
जांच के बाद भड़का विवाद
बताया जा रहा है कि एसडीएम से शिकायत करने की बात कहने पर रुद्र माझी नाराज हो गया और उसने बीट गार्ड के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने वनकर्मी से मारपीट की और उसकी वर्दी भी फाड़ दी। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
बीट गार्ड की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने आरोपी रुद्र माझी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा डालने, शासकीय कर्मचारी पर हमला करने और SC-ST एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

