अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़: ट्रक में 8 बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा, पुलिस के हत्थे चढ़े दो तस्कर, 215 किलो गांजा जप्त

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। सोमनी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 215 किलो गांजा बरामद किया है। ट्रक में बोरियों में भरकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे इस गांजे की बाजार कीमत करीब 21.50 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और कुल 46.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

ऐसे हुआ खुलासा

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टाटा ट्रक (क्रमांक WB-23-E-4218) में अवैध रूप से गांजा छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर थाना सेमनी के सामने नाकाबंदी प्वाइंट तैयार किया। कुछ देर बाद ट्रक आता दिखाई दिया, जिसे रोककर चालक और परिचालक को हिरासत में लिया गया।

ट्रक की तलाशी में मिली 8 बोरियां

गवाहों की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें ऊपर की ओर स्पंज आयरन लदा था। लेकिन डाले के पीछे 8 प्लास्टिक बोरियों में पीवीसी टेप से लिपटा हुआ गांजा बरामद किया गया। तौल कराने पर गांजे का वजन 215 किलोग्राम निकला।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 20 जुलाई को कौशल फेरो मेटल प्रा.लि. से स्पंज आयरन भरकर ट्रक जलना (महाराष्ट्र) के लिए रवाना किया था। संबलपुर के एक ढाबे में खाना खाने के दौरान उन्हें किसी अजनबी ने एक बोरी के बदले 5000 रुपये देने का प्रस्ताव दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। उसी रात तीन व्यक्ति टेंपो से गांजा लेकर आए और ट्रक में लोड कर दिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक (कीमत ₹25 लाख), दो मोबाइल फोन (₹25,000) और गांजा मिलाकर कुल ₹46.75 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। मामले की आगे जांच जारी है।

आरोपी गिरफ्तार 

1. भरत कुमार सिंह, पिता – रमाधार सिंह
निवासी – ताजपुर, जिला छपरा (बिहार)

2. पुरन लाल लड़िया
निवासी – ग्राम कुमरोड़ा (रिचई), थाना सुआताला, जिला नरसिंहपुर (म.प्र.)
वर्तमान पता – झांकड़पारा, धनकौड़ा, जिला संबलपुर (ओडिशा)

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *