CG Weather Update: छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, इन जिलों में अलर्ट जारी

CG Weather Update

रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती उमस और गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में भी कल से इसका असर दिखने के आसार हैं।

गुरुवार को जनकपुर-भरतपुर क्षेत्र में 12 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग के अधिकांश हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हुई है।

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर एक अवदाब (लो प्रेशर) बना हुआ है, जो पश्चिम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही मानसून द्रोणिका रेखा बीकानेर से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिससे वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

राजधानी रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तापमान 26°C से 34°C के बीच रह सकता है। साथ ही गरज-चमक और तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *