सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोंदा गांव के पास सड़क किनारे बैठे मवेशियों को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में 6 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शी किसान सुरेश कुमार ने बताया कि घटना के समय सड़क किनारे कुल 19 गायें बैठी थीं। अचानक तेज गति से आ रहा ट्रक बेकाबू होकर गायों पर चढ़ गया, जिससे 6 गायों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गईं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
