Dhamtari Murder: धमतरी जिले के नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम छिपली में रविवार को एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। गांव के ही एक युवक की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान 34 वर्षीय सनी लहरे उर्फ सुयश लहरे के रूप में हुई है, जो ग्राम छिपली का ही निवासी था। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना नगरी थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वारों के निशान पाए गए हैं। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव को नगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

नगरी थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के हर पहलू पर जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत रंजिश या अन्य किसी कारण की दिशा में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
