CG Jewellers Murder: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। कोटमी गांव के बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाश लूट के इरादे से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।![]()
जानकारी के अनुसार, पेण्ड्रा निवासी करीब 50 वर्षीय प्रदीप सोनी कोटमी गांव के साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी की दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने पहले ज्वेलरी लूटने की कोशिश की और फिर व्यवसायी पर कट्टा तानकर गोली चला दी।
गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गोली का घाव काफी गंभीर था, जिसके चलते डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है और पल्सर सवार तीनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।



