बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के हिर्री माइंस क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की नग्न हालत में लाश मिली है। मृतक का सिर पत्थर से कुचला गया है और शरीर खून से लथपथ था। यह क्षेत्र CISF की सुरक्षा परिधि में आता है, जिससे घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बता दें, घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। गुरुवार सुबह डोलोमाइट खदान के समीप शव देखे जाने के बाद मजदूरों ने आसपास के लोगों और खदान प्रबंधन को सूचना दी। खदान अधिकारी रमेश कुमार चौबे ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शराब पार्टी के बहाने लाया गया और की गई हत्या
टीआई उत्तम साहू ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है और वह गेहुंआ रंग का है। शव के पास से शराब की बोतलें, डिस्पोजल कप, खाने-पीने का सामान और कपड़ों से भरी बोरी बरामद की गई है। मृतक के सिर के नीचे उसकी शर्ट रखी हुई मिली, जिससे संदेह है कि हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई है।
पुलिस को संदेह है कि युवक को शराब पार्टी के बहाने सुनसान माइंस क्षेत्र में बुलाया गया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। दूसरी संभावना यह है कि शराब के नशे में आपसी झगड़े के चलते यह हत्या हुई हो।
मृतक की पहचान अब तक अज्ञात
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और गुमशुदा व्यक्तियों की रिपोर्ट से भी जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
CISF की सुरक्षा पर सवाल
हिर्री माइंस में सुरक्षा के लिहाज से CISF का कैंप बनाया गया है, जहां जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि जिस जगह पर लाश मिली है, वह खदान जाने का रास्ता है। इसके बाद भी CISF के जवान लगातार निगरानी नहीं करते।
पिछले 11 जुलाई को जवान यहां पहुंचे थे, जिसके बाद गुरुवार को जवान वहां पहुंचे। खदान एरिया कई जगह से खुली है, जहां से लोग आसानी से अंदर पहुंच सकते हैं। ऐसे में CISF की चौकसी नहीं होने के कारण चोरी जैसी घटनाएं भी होती रहती है।
