CG News: मंदिर में घुसकर भगवान का मुकुट, चांदी की छतरी और लाखों रुपए ले उड़े चोर

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित संजय कॉम्प्लेक्स में संचालित प्रसिद्ध श्याम मंदिर में बीती रात चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। चोर ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सीधे गर्भगृह में पहुंच गया। वहां से उसने भगवान श्याम बाबा का मुकुट, चांदी की छतरी, और दान पेटी में रखी नकदी समेत लगभग 2 लाख रुपए का सामान चुरा लिया।

CCTV फुटेज में कैद हुई हर हरकत

मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर की करतूत पूरी तरह रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि चोर ने अपने चेहरे और शरीर को प्लास्टिक से ढक रखा था। वह बड़ी चालाकी से ताला तोड़कर मंदिर में दाखिल हुआ और लगभग आधे घंटे तक भीतर रहा। इस दौरान उसने गर्भगृह में रखे आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

नकदी और आभूषण ले हुआ फरार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर दानपेटी से 30-40 हजार रुपए की नकदी, पुजारी द्वारा अलग से रखे गए लगभग डेढ़ लाख रुपए, और चांदी की छतरी व मुकुट ले भागा। यह घटना रायगढ़ के धार्मिक और सामाजिक माहौल को झकझोर देने वाली है।

पुलिस जांच में जुटी, कुछ संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, डॉग स्क्वॉड, और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके के कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चोर का सुराग सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाशा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक का बयान

पुलिस अधीक्षक ने मीडिया से कहा, “श्याम मंदिर में हुई चोरी की वारदात को गंभीरता से लिया गया है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्दी ही इस चोरी का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। हम जल्द से जल्द भगवान श्याम बाबा की अमानत को वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *