CG Politics: रायगढ़ जिले के पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के 8 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पार्षदों ने भाजपा जिलाध्यक्ष अरूणधर दिवान के नाम इस्तीफे का आवेदन दिया है। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष ने अब तक आवेदन मिलने से इनकार किया है।
पार्षदों ने नगर पंचायत के कामकाज और विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर उन्हें परेशान किया जा रहा है और उनके वार्डों में जनसुविधाओं से जुड़े काम नहीं हो रहे हैं।
इन समस्याओं का आरोप
पार्षदों का कहना है कि उनके वार्डों में पानी, बिजली, सड़क, नाली समेत कई जरूरी विकास कार्य लंबित हैं। इसके अलावा पार्षद निधि से जुड़े काम भी नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने दूसरे सरकारी विभागों में भी उनके काम नहीं होने का आरोप लगाया है।
इन्हीं समस्याओं से नाराज होकर भाजपा के 8 निर्वाचित पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की बात कही है।
इन पार्षदों के इस्तीफे की चर्चा
बताया जा रहा है कि इस्तीफा देने वालों में वार्ड नंबर 6 के बलराम संवरा, वार्ड नंबर 14 के शौकीराम चौहान, वार्ड नंबर 11 के रूपेश कुमार साव, वार्ड नंबर 3 की मंजू पटेल, वार्ड नंबर 2 के फागुलाल प्रधान, वार्ड नंबर 1 के प्रदीप यादव, वरुण महाणा और नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष ने इस्तीफा मिलने से किया इनकार
भाजपा जिलाध्यक्ष अरूणधर दिवान ने कहा कि उन्हें अभी तक पुसौर नगर पंचायत के किसी भी पार्षद का इस्तीफा आवेदन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस्तीफे की बात सामने आई है। मामले को लेकर पार्षदों से चर्चा के लिए उन्हें बुलाया गया है।


