Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। योजना का लाभ ले रहीं महिलाओं की पात्रता जांच में 542 हितग्राही अपात्र पाई गई हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इन अपात्र हितग्राहियों से करीब 30 लाख रुपए की राशि की वसूली की है। विभाग का कहना है कि सत्यापन और वसूली की कार्रवाई अभी भी जारी है।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे हितग्राहियों के आधार लिंक बैंक खातों में जमा होती है। बिलासपुर जिले में योजना का लाभ ले रहीं 4 लाख 17 हजार 902 महिलाओं की पात्रता जांच के दौरान यह मामले सामने आए।
जांच में कई ऐसे हितग्राही मिले, जो योजना के निर्धारित मापदंडों के अनुसार पात्र नहीं थे। इसके अलावा कुछ मामलों में मृत हितग्राहियों के खाते से भी राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आई। ऐसे मामलों में विभाग ने संबंधित उत्तराधिकारियों से राशि की वसूली की है।
महतारी वंदन योजना की 31 किश्त जारी
बिलासपुर जिले में महतारी वंदन योजना की अब तक 31 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। इन किश्तों के माध्यम से करीब 12.16 अरब रुपए की राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में जमा की गई है। मृत हितग्राहियों से जुड़े मामलों में अब तक करीब 7 लाख 60 हजार रुपए की वसूली की जा चुकी है।
98.58 प्रतिशत हितग्राहियों का सत्यापन पूरा
योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हितग्राहियों की केवाईसी और पात्रता जांच की जा रही है। जिले में कुल 4 लाख 17 हजार 902 हितग्राहियों में से 4 लाख 11 हजार 989 महिलाओं की केवाईसी पूरी हो चुकी है। इस तरह 98.58 प्रतिशत हितग्राहियों का सत्यापन पूरा हो गया है।
विभाग के अनुसार शेष हितग्राहियों की जांच प्रक्रिया जारी है। सत्यापन पूरा होने के बाद अपात्र हितग्राहियों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।

