Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जिले के सर्वमंगला-कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर बरमपुर मोड़ के पास एक खड़े ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय हल्की बारिश हो रही थी, बावजूद इसके आग ने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटें और उठता काला धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर चालक कोरबा से कुसमुंडा खदान की ओर कोयला लोड करने जा रहा था। रास्ते में बरमपुर मोड़ के पास उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर चाय-नाश्ते के लिए ब्रेक लिया था। तभी अचानक ट्रेलर से धुआं निकलने लगा और चंद ही मिनटों में आग की चपेट में आ गया।
घटना के दौरान आसपास से गुजर रहे राहगीर रुक गए और मदद की कोशिश करने लगे। कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो कुछ ही देर में वायरल हो गया।
सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा और आसपास खड़े अन्य वाहनों को हटवाया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। हालांकि, गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
