Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां आमाडुला बांध क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान चिहरो गांव निवासी प्रीत राम गोटा (उम्र 22 वर्ष) पिता हीरा राम गोटा के रूप में हुई है। युवक के चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार से कई बार वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका प्रबल हो गई है।
दोस्तों संग मछली पकड़ने निकला था युवक
परिजनों के मुताबिक, प्रीत राम सोमवार दोपहर करीब 3 बजे बिना मोबाइल लिए घर से निकला था। उसने दोस्तों के साथ मछली पकड़ने की बात कही थी। लेकिन रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफ़ी तलाश के बाद शनिवार सुबह आमाडुला बांध के पास स्थित मंशा राम मंडावी के खेत में उसका शव मिला।
हत्या में कई लोगों के शामिल होने की आशंका
घटनास्थल से तीन जोड़ी चप्पलें बरामद हुई हैं, जिससे यह संदेह गहराया है कि इस वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। युवक के शरीर पर हुए हमलों की प्रकृति भी किसी पूर्व नियोजित साजिश की ओर इशारा कर रही है।
पुलिस और डॉग स्क्वायड कर रहे जांच
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद को हत्या का कारण मानते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, “हत्या की गई है, इसमें संदेह नहीं है। फिलहाल सभी एंगल से जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।”
