Durg News : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत पावर हाउस ओवरब्रिज के पास बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार नवविवाहित दंपत्ति को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोहका निवासी 28 वर्षीय मुकेश कुर्रे और उनकी 26 वर्षीय पत्नी कमलेश्वरी कुर्रे की दो महीने पहले ही शादी हुई थी। मुकेश अपने बड़े भाई अशोक कुर्रे के साथ मिलकर प्रिंटिंग प्रेस चलाते थे। सोमवार रात दोनों पति-पत्नी अपनी मौसी के घर भोजन के लिए गए थे और वहां से स्कूटी से लौटते वक्त यह हादसा हुआ।
रात करीब 10 बजे जब दंपत्ति पावर हाउस ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोश में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। मौके पर पहुंची खुर्सीपार पुलिस ने स्थिति को संभाला और समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा है। वहीं, फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे ने न सिर्फ एक परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया, बल्कि पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
सिर्फ दो महीने ही हुई थी शादी को , साथ में गई जान
मुकेश और कमलेश्वरी की शादी को अभी सिर्फ दो महीने ही हुए थे। इस हादसे ने उनके सुखद जीवन की शुरुआत को असमय अंत में बदल दिया। परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
