Korba Accident : छत्तीसगढ़ के कोरब जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नशे में धुत एक कार सवार युवक ने 5 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गुस्साए लोगों ने आरोपी चालक की जमकर पिटाई कर दी।
ऐसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक राहुल यादव नशे की कार को तेज रफ्तार से चला रहा था। उसने सबसे पहले आईटीआई चौक के पास एक टीवीएस चैम्प और यामाहा मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उसने एक साइकिल सवार को भी कुचल डाला।

इतना ही नहीं, राहुल ने कार रोकने के बजाय विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक को सीधी टक्कर मार दी और बाइक सवार को करीब 100 से 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे के दौरान कार सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराई, जिससे एयरबैग खुला और कार रुकी।
मृतकों की पहचान
इस दिल दहला देने वाले हादसे मे 75 वर्षीय मोहम्मद इसराइल (निवासी पथरीपारा), 21 वर्षीय छोटे लाल साहनी (निवासी आईटीआई क्षेत्र)
की मौत हो गई है। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
लोगों ने आरोपी को जमकर पीटा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने आरोपी चालक राहुल यादव की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ से आरोपी को किसी तरह बचाकर हिरासत में लिया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि आरोपी राहुल यादव के हाथ में पहले से ही फ्रैक्चर था, इसके बावजूद वह तेज रफ्तार से कार चला रहा था। उसके पिता लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 110 के तहत गंभीर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
