CG Fake Baba Fraud: फर्जी बाबा ने की लाखों की ठगी; जादू-टोना और बीमारी ठीक करने लूटते थे पैसे

Ambikapur Fake Baba Fraud Case

CG Fake Baba Fraud: अंबिकापुर के रसूलपुर में एक बाबा पर जादू-टोना और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने का आरोप लगा है। मंगलवार रात बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। लोगों ने आरोपी के ठिकाने को भी घेर लिया, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

9 महीने पहले रसूलपुर आया था नौशाद अली

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी नौशाद अली करीब 9 महीने पहले रसूलपुर पहुंचा था। वह रसूलपुर निवासी दीपक खान के घर आया था। यहां उसने खुद को सूफी सईद बाबा बताया और अपने ठिकाने का नाम ‘रकह बाबे शिफा’ रखा था।

आरोप है कि नौशाद अली लोगों को जादू-टोना खत्म करने और बीमारी ठीक करने का भरोसा दिलाता था। वह खुद को रूहानी ताकतों वाला बताकर लोगों को प्रभावित करता था और इलाज के नाम पर रुपए लेता था।

लाखों की ठगी का आरोप

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कथित बाबा चमत्कार करने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर लोगों से पैसे लेता था। निःसंतान दंपतियों को संतान प्राप्ति का भरोसा दिलाकर भी रुपए लेने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता आसीर अंसारी ने बताया कि नौशाद अली ने उससे फोन-पे और नकद के माध्यम से कुल 75 हजार रुपए लिए। वहीं, शिकायत में बैकुंठपुर निवासी बाबा खान से 9 लाख रुपए, रसूलपुर के शाहिद से 4 लाख रुपए और यासीर खान से 75 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा आदिल से 10 हजार रुपए, सोएब अख्तर से 20 हजार रुपए, समीर सिद्दीकी से 20 हजार रुपए और लारेब अहमद से भी 20 हजार रुपए लेने की शिकायत की गई है। अन्य लोगों से भी हजारों रुपए लेने का आरोप है।

ठिकाने पर पहुंचे लोग, लेकिन नहीं मिला आरोपी

कथित बाबा द्वारा कई लोगों से रुपए लेने की जानकारी सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसके ठिकाने को भी घेर लिया। हालांकि, मौके पर आरोपी नौशाद अली नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।

लोगों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने नौशाद अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *