CG News: CM साय ने की बड़ी घोषणाएं… रिसाली को 137 करोड़ रुपए की नई सौगात, इन योजनाओं को मिली मंजूरी

CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के दौरे के दौरान रिसाली नगर निगम क्षेत्र को करीब 137 करोड़ रुपए की नई विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने 100 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। नई घोषणाओं में वृहद पेयजल योजना, सभी 40 वार्डों में स्ट्रीट लाइट और दो मुक्तिधामों के उन्नयन के कार्य शामिल हैं।

रिसाली को मिली 4 बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री ने रिसाली नगर निगम के लिए 134.87 करोड़ रुपए की लागत वाली वृहद पेयजल योजना की घोषणा की। योजना पूरी होने के बाद पूरे निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।

इसके अलावा निगम के सभी 40 वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। नेवई मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपए तथा जोरातराई मुक्तिधाम के विकास के लिए भी 50 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। इन सभी घोषणाओं की कुल राशि लगभग 137 करोड़ रुपए है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि नई पेयजल योजना से पूरे रिसाली क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी और आने वाले समय में स्थानीय नागरिकों को इन परियोजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

402 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान दुर्ग जिले में 402.12 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इनमें 39 कार्यों का लोकार्पण और 323 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 23 कार्यों का लोकार्पण और 182 कार्यों का भूमिपूजन, भिलाई-चरोदा नगर निगम में 11 कार्यों का लोकार्पण तथा 97 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं रिसाली में 2 कार्यों का लोकार्पण और 22 नए कार्यों का भूमिपूजन हुआ। इसके अलावा अहिवारा नगर पालिका और विभिन्न विभागों की परियोजनाएं भी इस कार्यक्रम का हिस्सा रहीं।

साइबर थाना भवन और रुआबांधा चौकी का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने सेक्टर-6 भिलाई स्थित महिला थाना परिसर के पास करीब 35 लाख रुपए की लागत से बने नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। साथ ही रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया।

नया साइबर थाना दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों में साइबर अपराधों की जांच करेगा। यहां ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों की जांच के साथ डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण भी किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *