Janjgir Champa Accident: जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम नरियरा में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार केप्सूल वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छात्र अतुल कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों सुबह ट्यूशन के लिए जा रहे थे।

दुर्घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग है कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मुआवजा दिया जाए। सूचना मिलने पर मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन समझाइश का प्रयास असफल रहा।

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल केप्सूल वाहन नरियरा स्थित जिंदल पावर प्लांट का है। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं गंभीर घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस वाहन चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
