Raipur News: रायपुर और कुम्हारी के बीच खारून नदी स्थित रेलवे ब्रिज पर एक युवती सेल्फी लेते समय चलती ट्रेन से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना रात के समय हुई। पुलिस को अगले दिन रेलवे ट्रैक के पास युवती का रक्तरंजित शव मिला। युवती की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
सिर में गहरी चोट आने के कारण उसकी तत्काल मौत हो गई थी। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश का दावा किया, लेकिन तीन दिनों तक कोई जानकारी न मिलने पर उसे लावारिस मानते हुए अंतिम संस्कार करा दिया गया। आश्चर्य की बात यह है कि पुलिस ने न तो मीडिया को तस्वीर जारी की और न ही घटना की आधिकारिक जानकारी साझा की, जिससे पहचान की संभावना बेहद कम हो गई।

यह स्थिति पहले भी सामने आई थी। पांच महीने पहले आमानाका क्षेत्र में नाले में मिले 41 वर्षीय इंजीनियर मृणाल का शव भी पहचान न होने के नाम पर लावारिस की तरह दफना दिया गया था, जबकि उसकी गुमशुदगी सिविल लाइंस थाने में दर्ज थी। विभागीय समन्वय की कमी के कारण परिवार चार दिन पहले ही उसकी मौत के बारे में जान पाया।
