Khairagarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 13 वर्षीय बच्ची ने अपने ही 4 साल के भाई और डेढ़ साल की बहन को कुएं में धकेल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
मृतक बच्चों की पहचान करण वर्मा (4) और राधिका वर्मा (1.5) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवारों के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण बच्चों को एक-दूसरे के साथ खेलने से भी रोका जाता था। जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन सभी बच्चे घर के पास कुएं के करीब खेल रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर 4 साल के करण ने अपनी 13 वर्षीय बहन को चिढ़ाया। इससे गुस्से में आकर बच्ची ने पहले करण को कुएं में धक्का दे दिया।

घटना को उसकी डेढ़ साल की बहन राधिका ने देख लिया और रोने लगी। इसके बाद बड़ी बहन ने उसका मुंह रूमाल से बांधा और उसे भी कुएं में धकेल दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 13 वर्षीय बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर उसके व्यवहार और मानसिक स्थिति को समझने के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
