Amit Baghel Release: हेट स्पीच मामले में जेल में बंद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रिहा हो गए। जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी पदाधिकारी जेल के बाहर मौजूद रहे। इस दौरान आतिशबाजी की गई और ढोल-डीजे के साथ स्वागत रैली निकाली गई।
जेल से रिहाई के बाद अमित बघेल सीधे गुरुघासीदास बाबा चौक स्थित महतारी अंगना पहुंचे। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की आरती की। इस दौरान छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शहर में कई स्थानों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
रिहाई के बाद अमित बघेल का बयान
अमित बघेल ने रिहाई के बाद सरकार पर निशाना साधते हुए आने वाले दिनों में अडानी के खिलाफ प्रदर्शन करने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़िया लोगों के साथ भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने अत्याचार किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग 2028 के चुनाव का इंतजार कर रहे हैं और आने वाले समय में सरकार को जवाब देंगे।
उन्होंने बताया कि पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर बैठक की जाएगी। साथ ही नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हेट स्पीच मामले में थे जेल में बंद
बता दें कि अमित बघेल के खिलाफ हेट स्पीच मामले में अलग-अलग थानों में मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में उन्हें न्यायिक हिरासत में रखा गया था। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद सोमवार को उनकी रिहाई हुई।

