मरीन ड्राइव में धरने पर बैठे दिव्यांगों को पुलिस ने उठाया, तूता धरना स्थल किया शिफ्ट

दिव्यांग धरना प्रदर्शन रायपुर(Disabled people protest demonstration Raipur) : अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर मरीन ड्राइव पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे दिव्यांगजनों को पुलिस ने सोमवार को हटाकर तूता धरना स्थल पर शिफ्ट कर दिया। प्रदेशभर से जुटे 60-70 दिव्यांग अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

 

क्यों दे रहे हैं धरने? 

 

26 मार्च को दिव्यांगजन अपनी मांगों के समर्थन में मरीन ड्राइव से जय स्तंभ चौक तक पैदल मार्च निकालने के लिए एकत्रित हुए थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद वे वहीं अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। रविवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगजनों ने अर्धनग्न प्रदर्शन भी किया, जिसमें युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव लोकेश वशिष्ठ भी शामिल हुए।

 

दिव्यांगजनों की छह सूत्रीय मांगें:

 

1. फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर काम कर रहे शासकीय दिव्यांग कर्मियों की राज्य मेडिकल बोर्ड से भौतिक जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर बर्खास्त किया जाए।

2. दिव्यांगजनों को प्रतिमाह 5,000 रुपये मासिक पेंशन दी जाए और बीपीएल की बाध्यता समाप्त की जाए।

3. 18 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित दिव्यांग युवतियों को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जाए।

4. विशेष भर्ती अभियान चलाकर शीघ्र शासकीय पदों पर नियुक्ति की जाए और संबंधित विज्ञापन जारी किया जाए।

5. शासकीय दिव्यांग कर्मियों को पदोन्नति में चार प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।

6. बेरोजगार दिव्यांगों को बिना गारंटर लोन प्रदान किया जाए और कोरोना काल के पूर्व दिए गए सभी लोन माफ किए जाएं।

 

दिव्यांगजन अपनी मांगों को लेकर सरकार से उचित समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *