Kawardha Accident: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पोड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम खड़ौदा कला में हुआ, जहां दो तेज रफ्तार बाइकें आपस में आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार युवक उछलकर पास से गुजर रहे ट्रेलर के नीचे जा गिरा। ट्रक के पहिए से कुचलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान श्रवण जांगड़े पिता संतोष जांगड़े के रूप में हुई है, जो थाना पांडातराई के दशरंगपुर गांव का निवासी था। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।

पोड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्च्यूरी भेजा गया। वहीं, दुर्घटना में शामिल दोनों क्षतिग्रस्त बाइकें पुलिस ने जब्त कर ली हैं। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा उपायों की मांग की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
