Raipur News: गोरा होने की चाहत में खतरनाक क्रीम का इस्तेमाल, त्वचा के साथ किडनी पर भी पड़ सकता है असर

Raipur News: रायपुर में प्रतिबंधित गोरा करने वाली क्रीम की बिक्री के मामले सामने आने के बाद अब बाजार में बिकने वाले अन्य ऐसे उत्पाद भी सवालों के घेरे में आ गए हैं। ड्रग विभाग ने गोल बाजार की एक दुकान से पाकिस्तान में बनी गोरी और चांदनी क्रीम की 236 डिब्बियां जब्त की थीं। इसके बाद महावीर नगर में बिना वैध लाइसेंस के गोरा करने वाली क्रीम और फेस सीरम बनाने का मामला भी सामने आया।

बाजार में आज अलग-अलग नाम और ब्रांड से कई तरह की रंग निखारने वाली क्रीम उपलब्ध हैं। कुछ क्रीम सात दिन में चेहरा गोरा करने का दावा करती हैं, तो कुछ त्वचा के अनुसार खास उत्पाद तैयार करने का भरोसा देती हैं। मेडिकल स्टोर, कॉस्मेटिक दुकानों से लेकर ऑनलाइन माध्यमों तक इनकी बिक्री हो रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, गोरा होने की चाहत में इन क्रीमों का लंबे समय तक इस्तेमाल त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। कुछ उत्पादों में मौजूद हानिकारक तत्व त्वचा को खराब करने के साथ शरीर के अन्य अंगों पर भी असर डाल सकते हैं। अधिक मात्रा में मर्करी जैसे तत्वों के इस्तेमाल से किडनी पर भी खतरा बढ़ सकता है।

चेहरे पर लालिमा और त्वचा पतली होने की शिकायत

डॉक्टरों के पास ऐसे कई मामले पहुंच रहे हैं, जिनमें गोरा करने वाली क्रीम के इस्तेमाल के बाद चेहरे की त्वचा लाल होने, पतली पड़ने और ज्यादा संवेदनशील होने की समस्या सामने आई है।

मेकाहारा में इलाज कराने पहुंची अभनपुर की एक युवती करीब दो साल से गोरा करने वाली क्रीम का इस्तेमाल कर रही थी। उसे यह क्रीम अपनी सहेली की सलाह पर मिली थी। शुरुआत में क्रीम लगाने से चेहरा साफ और निखरा हुआ दिखने लगा, जिसके बाद उसने इसका इस्तेमाल जारी रखा।

कुछ समय बाद चेहरे पर लालिमा आने लगी और धीरे-धीरे त्वचा खराब होने लगी। जिस क्रीम को वह सुंदर दिखने के लिए लगा रही थी, उसी के कारण उसे इलाज कराना पड़ा।

विज्ञापन देखकर खरीदी क्रीम, फिर हुई परेशानी

रायपुर के एक निजी अस्पताल में ऐसा ही दूसरा मामला सामने आया, जहां एक युवक ने सोशल मीडिया पर दिखाए गए विज्ञापन के आधार पर गोरा करने वाली क्रीम और सीरम मंगाया था।

कंपनी ने त्वचा के अनुसार खास क्रीम तैयार करने का दावा किया था। शुरुआती इस्तेमाल के बाद युवक को लगा कि चेहरा बेहतर हो रहा है, लेकिन कुछ समय बाद त्वचा रूखी होने लगी और चेहरे पर निशान दिखाई देने लगे।

Raipur Cosmetic Cream Case: रायपुर में बिना लाइसेंस कॉस्मेटिक क्रीम बनाने का मामला सामने आया है। फूड एंड ड्रग विभाग की टीम ने महावीर नगर स्थित एक ठिकाने पर छापा मारकर क्रीम और सीरम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। जांच में सामने आया कि यहां करीब एक साल से क्रीम बनाने का काम चल रहा था, जबकि संबंधित लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी।

धीरे-धीरे त्वचा इतनी संवेदनशील हो गई कि सामान्य चीजों का असर भी चेहरे पर दिखने लगा। इलाज के बाद भी उसकी त्वचा पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है।

क्रीम में मौजूद स्टेरॉयड से बढ़ सकती हैं परेशानियां

मेकाहारा के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. मृत्युंजय सिंह के अनुसार, बाजार में कई ऐसी क्रीम उपलब्ध हैं जिनमें स्टेरॉयड जैसे तत्व मिलाए जाते हैं। इनमें बीटामेथासोन, मोमेटासोन और क्लोबेटासोल जैसे तत्व शामिल हो सकते हैं।

Goree Cream

उन्होंने बताया कि ऐसी क्रीम का असर शुरुआत में अच्छा दिखाई देता है। चेहरा साफ और चमकदार लगने लगता है, जिससे लोग लंबे समय तक इसका इस्तेमाल करते रहते हैं। लेकिन बाद में इसके दुष्प्रभाव सामने आने लगते हैं।

लंबे समय तक इस्तेमाल से चेहरे पर लालिमा, त्वचा का पतला होना, मुंहासे, दाने और महिलाओं में चेहरे पर अनचाहे बाल बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

बिना जानकारी के क्रीम खरीदने से बचें

विशेषज्ञों का कहना है कि किसी दूसरे व्यक्ति की सलाह या विज्ञापन देखकर त्वचा पर कोई भी क्रीम लगाना नुकसानदायक हो सकता है। त्वचा से जुड़ी समस्या होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेकर ही किसी उत्पाद का इस्तेमाल करना चाहिए।

चेहरा गोरा करने की चाहत में बिना जांचे-परखे इस्तेमाल किए गए उत्पाद लंबे समय तक त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *