Ramayan Movie: रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म रामायण ने बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म ने रिलीज के 14 दिनों के अंदर वर्ल्डवाइड 1500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। इसके साथ ही यह सबसे तेजी से 1500 करोड़ रुपए कमाने वाली भारतीय फिल्म बन गई है।
फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1519.05 करोड़ रुपए पहुंच गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड धुरंधर 2 के नाम था, जिसने 16 दिनों में 1500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया था।
भारत में 1000 करोड़ क्लब में शामिल हुई रामायण
सैकनिल्क के अनुसार, रामायण का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 1009.05 करोड़ रुपए हो गया है। इसके साथ ही यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपए कमाने वाली छठी भारतीय और तीसरी हिंदी फिल्म बन गई है।
इससे पहले धुरंधर और धुरंधर 2 यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। वहीं भारतीय फिल्मों के 1000 करोड़ क्लब में बाहुबली 2, केजीएफ 2 और पुष्पा 2 भी शामिल हैं।
यश की दो फिल्में 1000 करोड़ क्लब में
रामायण की सफलता के साथ अभिनेता यश की दो फिल्में 1000 करोड़ रुपए कमाने वाली फिल्मों की सूची में शामिल हो गई हैं। इससे पहले उनकी फिल्म केजीएफ 2 भी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है।
भारत में 844 करोड़ से ज्यादा नेट कमाई
रामायण ने रिलीज के 14वें दिन भारत में 23.20 करोड़ रुपए नेट कमाए। फिल्म का भारत में अब तक का नेट कलेक्शन 844.40 करोड़ रुपए पहुंच गया है। वहीं, विदेशों से फिल्म ने करीब 510 करोड़ रुपए की कमाई की है।
फिल्म की भारतीय नेट कमाई में हिंदी भाषा का सबसे बड़ा योगदान रहा है। हिंदी वर्जन से करीब 643.50 करोड़ रुपए की कमाई हुई है, जो कुल नेट कलेक्शन का लगभग 76 प्रतिशत है। इसके अलावा कन्नड़ से 68.75 करोड़, तेलुगु से 53.70 करोड़, तमिल से 39.65 करोड़ और मलयालम से 38.80 करोड़ रुपए की कमाई हुई है।
दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल
रामायण अब दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि, कमाई के मामले में यह अभी दंगल, धुरंधर 2, बाहुबली 2 और पुष्पा 2 से पीछे है।



