Mahadev Betting App: महादेव सट्टा केस में सौरभ चंद्राकर ED कोर्ट में पेश, पूछताछ के लिए रिमांड मांग सकती है एजेंसी

Saurabh Chandrakar

Mahadev Betting App: महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच उसे रायपुर जेल से हथकड़ी लगाकर कोर्ट लेकर पहुंची।

पेशी के बाद ईडी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है। बताया जा रहा है कि जेल में बंद सौरभ को प्रोडक्शन वारंट के आधार पर कोर्ट में पेश किया गया है।

ED ने लगाई थी कोर्ट में अर्जी

सीबीआई कोर्ट से आवेदन खारिज होने के बाद ईडी ने पीएमएलए स्पेशल कोर्ट में सौरभ चंद्राकर की पेशी के लिए आवेदन लगाया था। कोर्ट ने ईडी की अर्जी स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।

8 दिन की कस्टडी के बाद भेजा गया था जेल

इससे पहले 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद गुरुवार को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था। सीबीआई ने दोबारा उसकी कस्टडी नहीं मांगी और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की थी।

कोर्ट ने सौरभ को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया था। इस दौरान सीबीआई अधिकारी और पुलिस की टीम हाई सिक्योरिटी के बीच उसे कोर्ट लेकर पहुंची थी।

महादेव ऐप मामले की जांच जारी

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच सीबीआई और ईडी दोनों एजेंसियां कर रही हैं। जांच एजेंसियां इस मामले में आर्थिक लेन-देन, सट्टेबाजी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

8 दिन तक किन बिंदुओं पर हुई पूछताछ

CBI ने रिमांड के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सट्टे से अर्जित रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों व अन्य लोगों की भूमिका रही।

2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की।

बाद में CBI ने भी इस मामले की जांच अपने हाथ में ली। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR की जांच CBI को सौंपी थी, जिनमें से 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं ED भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समानांतर जांच कर रही है।

116 दिन बाद ओमान से भारत लाया गया

CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर लंबे समय से फरार था और दुबई से महादेव सट्टा नेटवर्क संचालित करने का आरोप है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।

8 जुलाई 2026 को ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होने के बाद CBI की टीम 1 नवंबर को उसे भारत लेकर आई।

भारत आने से पहले जताई थी सुरक्षा की मांग

ओमान में हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर ने भारत आने पर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की थी। उसने दावा किया था कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े प्रभावशाली लोगों से उसे जान का खतरा है।

साथ ही उसने जांच एजेंसियों के सामने नेटवर्क के राजनीतिक संबंधों, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की इच्छा भी जताई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *