CG Transfer News: छत्तीसगढ़ में राज्य शासन ने पंजीयन विभाग के 11 अधिकारियों का तबादला किया है। वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। तबादला सूची में रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर और बेमेतरा समेत कई जिलों के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
आदेश के अनुसार, वरिष्ठ उप पंजीयक पाटन वीरेंद्र कुमार श्रीवास को मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। उन्हें जिला पंजीयक रायपुर-2 (ग्रामीण) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं, आशु अग्रवाल का कोरबा से मुख्यालय तबादला किया गया है। उन्हें जिला पंजीयक धमतरी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
कई जिलों में बदले गए अधिकारी
पंजीयन विभाग के आदेश के तहत अलग-अलग जिलों में पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादले के बाद संबंधित अधिकारी अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभालेंगे।
जिला पंजीयक नहीं होने पर SDM संभालेंगे प्रभार
आदेश में यह भी कहा गया है कि जिन जिलों में जिला पंजीयक की नियुक्ति नहीं की गई है, वहां जिला मुख्यालय के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDM) को जिला पंजीयक का प्रभार दिया जाएगा।


