Raipur News: रायपुर के होटल कारोबारी दीपक अंबेडकर उर्फ टंडन धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों को लेकर चर्चा में है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर नेताओं और रसूखदार लोगों के साथ तस्वीरें पोस्ट कर अपनी पहुंच और प्रभाव की छवि बनाता था।
अब एक बीजेपी नेत्री से करीब 16 लाख रुपए लेने का मामला भी सामने आया है। दीपक टंडन और बीजेपी नेत्री से जुड़े कथित वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है।
इससे पहले भी दीपक टंडन दंतेवाड़ा की तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद को लेकर सुर्खियों में आया था। उस समय उसने लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपए और गहने लेने का आरोप लगाया था।
वहीं, दीपक की होटल में कपड़े उतरवाकर मारपीट किए जाने का वीडियो भी वायरल हुआ था। फिलहाल पुलिस ने उसे फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दीपक एआई की मदद से लोगों की तस्वीरों में बदलाव कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था और उसे पोर्टल व सोशल मीडिया पर प्रकाशित करने की धमकी देकर पैसे मांगता था।
6 नवंबर को हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने दीपक टंडन को 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिली हैं। इस मामले में 29 अक्टूबर को बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। दीपक टंडन के खिलाफ बिलासपुर में एक, रायपुर में तीन और सक्ती में एक एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में आया था नाम
दीपक टंडन का नाम पहली बार बड़े विवाद में डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े मामले के बाद सामने आया था। दीपक ने आरोप लगाया था कि 2021 से 2025 के बीच डीएसपी कल्पना वर्मा ने शादी का भरोसा देकर उससे करीब 2 करोड़ रुपए, हीरे की अंगूठी, सोने के गहने और कार ली।
दीपक के मुताबिक, दोनों की मुलाकात 2021 में महासमुंद में हुई थी। इसके बाद बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा।
वहीं, कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को गलत बताते हुए इसे लेन-देन का विवाद और बदनाम करने की साजिश बताया था। उन्होंने कहा था कि दीपक पर उनके पिता के करीब 42 लाख रुपए बकाया थे।
होटल में मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल
दीपक टंडन का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे उसके होटल वेलकम श्री का बताया गया था। वीडियो में कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते और कपड़े उतरवाते दिखाई दे रहे थे। एक व्यक्ति बेल्ट से मारता नजर आ रहा था, जबकि दूसरा घटना का वीडियो बना रहा था।
यह मामला लेन-देन के विवाद से जुड़ा बताया गया था। हालांकि, घटना को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।
कोयला टेंडर के नाम पर पैसे लेने का आरोप
सक्ती के कारोबारी किशन शर्मा ने आरोप लगाया है कि दीपक ने मार्च 2022 में कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपए लिए थे। शिकायत के मुताबिक, दीपक ने अपनी प्रशासनिक पहुंच बताकर काम दिलाने का भरोसा दिया था। इस मामले में 10 नवंबर 2026 को सक्ती थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
जमीन और वाहन सौदे में भी शिकायत
रायपुर के कारोबारी आशीष जायसवाल ने दीपक और उसकी पत्नी बरखा टंडन पर जमीन, रेस्टोरेंट और फॉर्च्यूनर वाहन के नाम पर 56 लाख रुपए से ज्यादा लेने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, जमीन सौदे के लिए रकम देने के बाद पता चला कि जमीन दीपक के नाम पर नहीं थी। वहीं वाहन देने के नाम पर भी पैसे लेने और गाड़ी नहीं देने का आरोप लगाया गया है।
व्यापमं परीक्षा से जुड़े मामले में भी आरोप
दीपक टंडन के खिलाफ पुराने मामले भी सामने आए हैं। वर्ष 2018 में रायपुर निवासी जितेंद्र देवांगन ने आरोप लगाया था कि व्यापमं की परीक्षा का प्रश्न पत्र दिलाने के नाम पर पैसे मांगे गए थे। आरोप के अनुसार, रकम और दस्तावेज लेने के बाद भी प्रश्न पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया। इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी।\
कोरबा में भी दर्ज है धोखाधड़ी का मामला
दीपक टंडन के खिलाफ कोरबा जिले के दीपका थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि कोल ट्रांसपोर्ट का काम दिलाने के नाम पर लाखों रुपए लिए गए, लेकिन काम नहीं मिला और रकम वापस नहीं की गई।
कौन है दीपक टंडन
दीपक अंबेडकर टंडन मूल रूप से कोरबा का रहने वाला है। शुरुआती दिनों में वह फोटो फ्रेमिंग का काम करता था। इसके बाद वह रायपुर आ गया और होटल कारोबार से जुड़ा। पुलिस जांच में उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।








